कटिहार में तेज रफ्तार बाइक दुर्घटनाग्रस्त, दूल्हा-दुल्हन के भाइयों की मौत, एक युवक गंभीर घायल
- by Manjesh Kumar
- 10-Jul-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के बारसोई प्रखंड अंतर्गत कचना थाना क्षेत्र के जकलबाड़ी में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे दूल्हा और दुल्हन के भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, बहानगर गांव में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। जनरेटर के लिए तेल खत्म होने पर बहानगर निवासी शिवा टुडू, पश्चिम बंगाल के कालियागंज थाना क्षेत्र निवासी रेंटा टुडू तथा बहानगर निवासी लकी टुडू एक ही मोटरसाइकिल से तेल लेने निकले थे। जहां जकलबाड़ी के समीप तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में शिवा टुडू और रेंटा टुडू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि लकी टुडू गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अनुमंडलीय अस्पताल बारसोई ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सिर में गंभीर चोट होने के कारण बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया। सूचना पर कचना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष आनंद कुमार ने बताया कि दुर्घटना तेज रफ्तार के कारण हुई। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा है तथा परिजनों ने सरकारी सहायता की मांग की है।


Post a comment