कटिहार में आग लगने से एक दर्जन से अधिक घर जले, लाखों की संपत्ति राख
- by Manjesh Kumar
- 22-Apr-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड अंतर्गत बैदा पंचायत के डुमरिया गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब खाना बनाने के दौरान अचानक आग लग गई। परिजनों के अनुसार, दोपहर में खाना बनाकर सभी लोग आराम कर रहे थे, तभी अचानक अब्दुल हन्नान के घर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में 14 परिवारों के आशियाने जलकर पूरी तरह राख हो गया। अग्नि पीड़ित परिवार ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास करने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी। आग की वजह से 14 परिवारों के घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवारों का कहना है कि उनके पास अब तन पर कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। वहीं अमदाबाद अंचल अधिकारी शिखा कुमारी ने बताया कि अग्निपीड़ित परिवार को पॉलीथिन शीट एवं किट उपलब्ध करा दिया गया है साथ ही मुआवजे की राशि भी जल्द से जल्द दी जाएगी।


Post a comment