बिजली की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों का प्रदर्शन, घंटों सड़क जाम

कटिहार: कटिहार के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत मलिकपुर पंचायत के हुरहाजरा सोनापुर चौक में बिजली की बदहाल व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जैनुद्दीन आलम के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और घंटों सड़क जाम रखा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कमलाबाड़ी पावर हाउस से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि भीषण गर्मी के बावजूद क्षेत्र में नियमित बिजली नहीं मिल रही है। शाम होते ही पूरी रात बिजली काट दी जाती है बिजली की आंख-मिचौली और लंबे समय तक आपूर्ति बाधित रहने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली नहीं रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है। फिलहाल बारसोई पावर हाउस से उक्त गांव में बिजली सप्लाई की जाती है लेकिन लोगों का मांग है कि कमलाबारी पावर हाउस से उक्त गांव को बिजली आपूर्ति की जाए लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। सड़क जाम के कारण मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों में जुल्फिकार अली शमशाद आलम, दिलदार हुसैन, जैनुद्दीन आलम शाहबाज हुसैन, आदि लोगों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द समस्या का स्थायी समाधान करने और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

  

Related Articles

Post a comment