नेपाल में बाढ़ से तबाही, बिहार के मुजफ्फरपुर समेत कई जिलों में प्रशासन अलर्ट
- by Manjesh Kumar
- 26-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: नेपाल में तिब्बत की सीमा से सटे क्षेत्रों में अचानक आए भीषण बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति के मद्देनज़र ज़िलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को सरकार द्वारा निर्धारित एसओपी के अनुसार सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। ज़िलाधिकारी ने कहा कि गंडक नदी के किनारे स्थित इलाकों में अलर्ट घोषित किया गया है। मुजफ्फरपुर जिला में साहिबगंज, सरैया एवं पारू प्रखंडों के प्रभावित होने की संभावना है।
उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि फ़्लैश फ्लड की आशंका के मद्देनज़र तटबंधों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया कि लोगों की सुरक्षा के लिए बांधों के बीच रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की व्यवस्था करें। जनप्रतिनिधियों सहित सभी हितधारकों से सतत समन्वय स्थापित रखें। कम्युनिटी किचन, मेडिकल कैम्प, पशु चारा शिविर इत्यादि का संचालन सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कहा कि लोग पैनिक एकदम न हों। जिला प्रशासन पूर्णतः सजग, सतर्क एवं तत्पर है।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सामान्य जन-जीवन प्रभावित न हो यह सुनिश्चित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सभी तैयारी की गई है। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने की स्थिति में प्रभावितों के जान-माल की सुरक्षा एवं ससमय राहत पहुँचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पीएचईडी, पंचायती राज विभाग, ग्रामीण विकास विभाग सहित संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारी आपस में सुदृढ़ समन्वय तथा सार्थक संवाद स्थापित रखें एवं परिस्थिति के अनुसार त्वरित गति से कार्य करें।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment