छठ पर्व के दौरान पूर्णिया में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद, श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रख रहे हैं एसएसपी

पूर्णिया: लोक आस्था के महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है और लोगों में काफी उल्लास तथा उत्साह देखा जा रहा है। राज्य सरकार तथा जिला प्रशासन पूरी तरह से छठ पर्व को लेकर एक्टिव मोड में है। एक तरफ सरकार की तरफ से छठ घाटों पर चुस्त दुरुस्त व्यवस्थाएं की गई है तो दूसरी तरफ सुरक्षा को लेकर भी चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। पूर्णिया में श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने खुद ही कमान संभाली तथा विभिन्न जगहों पर निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिया. इस दौरान एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह सतर्क रहें।

पूर्णिया जिले के प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण से लेकर यातायात व्यवस्था तक पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिले के सबसे बड़े और प्रमुख छठ घाटों में शामिल सौरा नदी स्थित सिटी काली मंदिर तट पर लाखों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

इस बीच एसएसपी डॉ शौर्य सुमन खुद इस क्षेत्र में पैदल घूमते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने घाट पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और भीड़ की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। छठ महापर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने पहले से विशेष तैयारी की है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की जाम या आवागमन की परेशानी न हो, इसके लिए रूट चार्ट तैयार कर लोगों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। प्रमुख मार्गों और भीड़ भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू बना रहे।

एसएसपी डॉ शौर्य सुमन के नेतृत्व में पूर्णिया पुलिस का यह विशेष अभियान यह संदेश दे रहा है कि लोक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  

Related Articles

Post a comment