जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप, कहा जेल में मुझे...
- by Manjesh Kumar
- 15-Jun-2026
- Views
पटना: महीने की शुरुआत होते ही राजधानी पटना के दो चर्चित कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद रुकने का नाम नहीं ले रहा। विवाद में खान सर के कोचिंग पर हमला और फायरिंग का मामला लगातार चर्चा में बना है। हमला के आरोप में ज्ञानबिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को जेल जाना पड़ा और सोमवार को वह जमानत पर बाहर भी आ गए। उनके जेल से बाहर आने के बाद भारी संख्या में छात्र और उनके समर्थक भी जमा हुए। जेल से बाहर आने के बाद रौशन आनंद अपने कोचिंग पहुंचे और प्रेसवार्ता किया।
इस दौरान रौशन आनंद ने खान सर उर्फ फैसल खान पर गंभीर आरोप लगाए तथा सीबीआई जांच की भी मांग की। प्रेस वार्ता के दौरान रौशन आनंद ने खान सर पर जेल में अपनी हत्या की साजिश रचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि खान सर के दोनों गार्ड ने उन्हें मारने की साजिश रची थी लेकिन जेल प्रशासन की वजह से वह बच गए। कहा कि मेरे ऊपर 12 तारीख को समझौता करने का दबाव बनाया गया। मैं अपने भाई की अंत्येष्टि के बाद खान सर का सारा पोल खोलूंगा। प्रेस वार्ता के दौरान रौशन आनंद ने पटना पुलिस पर फैसल खान की मदद करने का भी आरोप लगाया और कहा कि घटना के बाद बिना जांच के मुझे गिरफ्तार कर लिया गया जबकि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार नहीं किया।
रौशन आनंद ने कहा कि पटना पुलिस ने उनकी काफी मदद की। मैं पुलिस का पूरा सहयोग करने को तैयार हूं। बिहार पुलिस में सबसे ज्यादा रिजल्ट मेरे कोचिंग से आया। मेरी उन्नति से फैजल खान को खुन्नस थी। फैजल खान पढ़ाने की जगह षड्यंत्र करता है। वह बिहार के विद्यार्थियों को इमोशनली ब्लैकमेल करता है। मैं सनातनी हूं, मेरे धर्म में किसी को मारना नहीं सिखाया जाता। सत्य-अहिंसा के साथ अपनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मेरी दो मांग हैं, एक तो घटना की सीबीआई जांच कराई जाए। दूसरी मांग यह है कि उच्चस्तरीय टीम गठित कर मेरे भाई प्रिंस यादव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए।


Post a comment