बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मारी गोली, गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी करते ही...

पटना: राजधानी पटना में बीते दिनों चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में पटना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पटना पुलिस ने गुरुवार को हत्याकांड का मुख्य आरोपी एवं कुख्यात अपराधी रविश उर्फ बीसिया का एनकाउंटर किया। पुलिस ने कुख्यात के पैर में गोली मार कर गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस और कुख्यात के बीच बांस घाट और एलएनटी घाट के बीच मुठभेड़ हुई जिसमें पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। मामले में पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बंटी यादव हत्याकांड का आरोपी रविश एलएनटी घाट के रास्ते पटना लौट रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की जिसके बाद उसने फायरिंग शुरू कर दी। कुख्यात के फायरिंग में एक गोली पुलिस की गाड़ी में भी लगी, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उसके पैर में गोली मार दी। हालांकि इस दौरान किसी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कुख्यात रविश को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, बंटी यादव की हत्या के बाद से रवीश लगातार फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई दिनों से छापेमारी की जा रही थी। आरोपी पर पटना के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट और रंगदारी समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं। बता दें कि 6 जुलाई को बंटी यादव का पटना जंक्शन स्थित टाटा पार्क के पास से अपहरण कर लिया गया था। पांच दिन बाद 11 जुलाई को उसका शव अथमलगोला में बरामद हुआ था। शव की पहचान करना कठिन था। चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और शरीर पर भी कई जगह गहरे जख्म मिले थे। इस मामले में रवीश उर्फ बीसिया को मुख्य आरोपी बनाया गया था।

  

Related Articles

Post a comment