समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत; गांव में पसरा मातम

बिहार के समस्तीपुर जिले के मोरवा प्रखंड अंतर्गत सोंगर पंचायत के मिर्जापुर गांव में हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन घरों में कुछ दिन पहले तक त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब परिजनों की चीख-पुकार और मातम का माहौल है।

इकलौते बेटे विकास की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में जान गंवाने वाले विकास राम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार को उससे भविष्य की कई उम्मीदें थीं। बुजुर्गों के बुढ़ापे का सहारा बनने और घर की जिम्मेदारियां संभालने की आस भी उसी से जुड़ी थी। विकास के दादा हरिलाल राम पोते की मौत से पूरी तरह टूट गए हैं।

उन्होंने भावुक होकर बताया कि जिस पोते के कंधे पर बैठकर अपनी अंतिम यात्रा की कल्पना की थी, आज उसी पोते को अपने हाथों मुखाग्नि देनी पड़ी। उनका दर्द देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

छठ घाट की सजावट की जिम्मेदारी संभाल रहे थे दीपक

दूसरे मृतक दीपक कुमार के पिता शंभू दास ने बताया कि गांव के छठ घाट की सजावट की मुख्य जिम्मेदारी दीपक को सौंपी गई थी। लेकिन दोस्तों के आग्रह पर वह उनके साथ बाइक से घर से निकल गया। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि वह कभी वापस नहीं लौटेगा।

वहीं, नवीन के पिता सुरेश दास ने भी बेटे की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दोस्तों की संगति और उनके साथ जाने को लेकर अफसोस जाहिर किया। उनका कहना था कि यदि तीनों युवक उस समय परिजनों की बात मान लेते, तो शायद आज यह दुखद दिन नहीं देखना पड़ता।

तीनों युवकों के शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब तीनों युवकों के शव गांव पहुंचे, तो माहौल गमगीन हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। एक साथ तीन युवकों की अर्थियां उठने से पूरे गांव में शोक छा गया।

चंदौली हाट के पास ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने चंदौली हाट के समीप मुख्य सड़क पर टायर जलाकर आवागमन रोक दिया और विरोध प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद आवागमन बहाल हुआ।

इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। तीन परिवारों ने अपने जवान बेटों को खो दिया है और गांव में हर तरफ गम का माहौल है।

  

Related Articles

Post a comment