सम्राट कैबिनेट की बैठक में पर्यटन, सुरक्षा और रोजगार पर बल, कुल 13 एजेंडों को दी गई स्वीकृति

पटना: राजधानी पटना में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक बैठक की गई। बैठक में कुल 13 प्रस्तावों पर मुहर लगी। सम्राट कैबिनेट में राज्य में पर्यटन के साथ ही सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा पर बल दिया गया। इसके साथ ही खेल और रोजगार को लेकर भी स्वीकृति दी गई। सम्राट कैबिनेट की बैठक में राज्य में स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु नालंदा और कैमूर की एक एक कंपनी को राज्य में बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नियमावली के तहत प्रोत्साहन राशि दिए जाने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही ग्रामीण स्थानीय निकायों के लिए हेल्थ सेक्टर ग्रांट के तौर पर राशि दिए जाने की स्वीकृति दी गई।

सम्राट कैबिनेट की बैठक में रोजगार को लेकर बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी कार्यालयों में पूर्व से स्वीकृत 94 पदों में से 87 पद को प्रत्यर्पित करने तथा 53 अतिरिक्त पद सृजन को मंजूरी दी गई। जबकि विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत तकनीकी एवं विशेषज्ञ सेवाओं के लिए यंग प्रोफेशनल की नियुक्ति हेतु नीति को मंजूरी दी गई। वहीं वामपंथी उग्रवादियों के सफल नियंत्रण के लिए STF में 50 दक्ष पुलिसकर्मियों को 15 वर्षों के लिए प्रतिनियुक्ति को मंजूरी दी गई।

राज्य में अंतरराष्ट्रीय सीमा सुरक्षा और खुफिया तंत्र मजबूत करने के लिए IG बॉर्डर का एक नया पद बनाया जाएगा। अरवल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए 6.81 एकड़ जमीन खेल विभाग को दी जाएगी। औरंगाबाद के देव में भी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने के लिए 13.09 एकड़ जमीन हस्तांतरित करने की मंजूरी मिली। सहरसा के सलखुआ में आउटडोर स्टेडियम बनाने के लिए 6.61 एकड़ जमीन खेल विभाग को दी जाएगी। गया से बैंकॉक के बीच सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने को मंजूरी दी गई। इसके लिए सरकार एयरलाइन कंपनी को आर्थिक सहायता भी देगी।

  

Related Articles

Post a comment