एसडीएम बन लौटी आरती तो ननिहाल में मना जश्न, अभिनंदन समारोह में जुटे...

कटिहार: बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में बिहार प्रशासनिक सेवा के एसडीएम पद पर चयनित होकर बरारी का नाम रोशन करने वाली क्षेत्र की नातिन आरती कुमारी का बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में भव्य सम्मान किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, नगर पंचायत कर्मियों और स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता को पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और मिठाई भेंट कर उनका अभिनंदन किया। नगर पंचायत की मुख्य पार्षद बबीता कुमारी यादव एवं कार्यपालक पदाधिकारी शिवांशु शिवेश ने संयुक्त रूप से आरती कुमारी का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आरती की सफलता बरारी की बेटियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।

सम्मान से अभिभूत आरती कुमारी ने कहा कि अपने ननिहाल की धरती पर मिला यह सम्मान उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय पल है। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो मंजिल अवश्य मिलती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ने की अपील की। आरती कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, पति, शिक्षकों तथा ननिहाल पक्ष के सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार का विश्वास और शिक्षकों का मार्गदर्शन ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में सबसे बड़ी ताकत बना।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, मामा प्रकाश सिंह, विकास पथिक, राजेश कुमार, नगर पंचायत के कर्मी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। समारोह के अंत में सभी ने आरती कुमारी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं, उनके साथ स्मृति स्वरूप तस्वीरें खिंचवाईं और उनके सफल प्रशासनिक जीवन की कामना की।

  

Related Articles

Post a comment