पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षकों ने निकाली रैली
- by Manjesh Kumar
- 09-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा की जिला इकाई पूर्णिया के बैनर तले 'NPS भारत छोड़ो अभियान' के तहत जिला स्कूल से एक विशाल रैली निकाली गई। रैली का नेतृत्व जिला अध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल ने किया। रैली में बड़ी संख्या में सरकारी कर्मियों और शिक्षकों ने भाग लेते हुए नई पेंशन योजना समाप्त कर सभी सरकारी सेवकों के लिए पुरानी पेंशन योजना लागू करने की मांग उठाई।
कार्यक्रम में बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश कोषाध्यक्ष अनवार करीम ने कहा कि केंद्र सरकार ने 1 जनवरी 2004 के बाद नियुक्त कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन समाप्त कर नई अंशदायी पेंशन योजना लागू की थी जबकि बिहार सरकार ने 1 सितंबर 2005 से इसे राज्य में लागू किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के कारण सेवानिवृत्ति अथवा सेवाकाल में मृत्यु के बाद मिलने वाली पेंशन पर्याप्त नहीं होती, जिससे कर्मचारियों को वृद्धावस्था में आर्थिक असुरक्षा का सामना करना पड़ता है।
NMOPS के जिला अध्यक्ष पवन कुमार जायसवाल और महासंघ गोपगुट के सचिव सुभाष चंद्र गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि राज्य सरकार चाहे तो NPS को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना लागू कर सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों ने पहले ही पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कर दी है। इसलिए बिहार सरकार को भी कर्मचारियों के हित में शीघ्र पुरानी पेंशन योजना लागू करने का निर्णय लेना चाहिए। महासंघ गोपगुट के उपाध्यक्ष घनानंद मंडल और NMOPS के सचिव आशीष आनंद ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिए संगठन चरणबद्ध आंदोलन चला रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस मुद्दे पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 1 सितंबर 2026 को केंद्र एवं बिहार सरकार के सभी विभागों के कर्मचारी 'ब्लैक डे' मनाकर विरोध दर्ज कराएंगे। रैली में शिक्षक नेता तरुण कुमार पासवान,राज किशोर यादव, विभूति जायसवाल, दिलीप कुमार सहित अनेक शिक्षक एवं सैकड़ों सरकारी सेवक मौजूद थे।


Post a comment