सीमा की ही नहीं मानवता की भी रक्षा कर रहे हैं एसएसबी के जवान, नेपाली महिला का रुपयों से भरा बैग लौटाया
- by Manjesh Kumar
- 11-Nov-2026
- Views
किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल के जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी सराहना हो रही है। 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी भातगांव चेकपोस्ट पर तैनात कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने एक नेपाली महिला का खोया हुआ पर्स 43,500 नेपाली रुपये सहित सुरक्षित वापस लौटाकर मानवता और ईमानदारी का परिचय दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल निवासी प्रियंका बिष्ट, पत्नी बिपिन कार्की, वार्ड नंबर-6, भानुचौक, भद्रपुर, भारत से नेपाल लौट रही थीं। इसी दौरान भातगांव चेकपोस्ट पर चेकिंग के समय उनका पर्स गिर गया। पर्स मिलने के बाद कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने उसकी मालकिन का पता लगाने के लिए आसपास के रास्तों और बाजार में काफी खोजबीन की, लेकिन तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद जवान ने पर्स में रखे खरीदारी के बिल पर दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से महिला से संपर्क किया और पर्स मिलने की सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रियंका बिष्ट अपने पति के साथ सशस्त्र सीमा बल कैंप पहुंचीं। वहां कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने उन्हें उनका पर्स और उसमें रखे 43,500 नेपाली रुपये सुरक्षित वापस सौंप दिए। अपनी मेहनत की कमाई वापस पाकर नेपाली दंपती काफी भावुक और खुश हुए। उन्होंने जवान की ईमानदारी और सराहनीय कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
सशस्त्र सीमा बल के जवान की यह पहल केवल ईमानदारी का उदाहरण नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के बीच वर्षों से कायम आपसी विश्वास, भाईचारे और रोटी-बेटी के रिश्ते को मजबूत करने वाला संदेश भी है। कांस्टेबल शिवकुमार मौर्या ने अपने कार्य से मानवता और ईमानदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है।


Post a comment