125 यूनिट मुफ्त बिजली पर सियासत तेज, RJD ने सम्राट सरकार को घेरा
- by Manjesh Kumar
- 11-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर अब सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से सक्षम उपभोक्ताओं से स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने की अपील किए जाने के बाद विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय जनता दल ने इस पहल को सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करने वाला कदम बताया है। दरअसल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि एक दिसंबर से राज्य में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आर्थिक रूप से सक्षम बिजली उपभोक्ता चाहें तो 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ स्वेच्छा से छोड़ सकते हैं। सरकार का तर्क है कि बिजली सब्सिडी पर बड़ी राशि खर्च होती है और सक्षम लोगों के पीछे हटने से बचने वाले पैसे का इस्तेमाल दूसरी जनकल्याणकारी योजनाओं में किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री की इस अपील पर आरजेडी ने कड़ा ऐतराज जताया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने आरोप लगाया कि सरकार अपने ही फैसले से पीछे हटने की तैयारी कर रही है। उनका कहना है कि मुफ्त बिजली योजना को शुरू हुए अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है और सरकार इसे कमजोर करने की कोशिश में जुट गई है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसले का हवाला देते हुए भाजपा और मौजूदा सरकार पर सवाल उठाए मंगनीलाल मंडल ने विधान परिषद में नियुक्तियों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में हुई नियुक्तियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं।


Post a comment