पूर्वी चंपारण में छठ व्रतियों के बीच सूप और पूजा सामग्री का वितरण, समाजसेवियों ने लिया आशीर्वाद

पूर्वी चंपारण: छठ पर्व के अवसर पर राज्य में विभिन्न सामाजिक संगठन अलग अलग तरीके से व्रतियों की सेवा करते हैं। वहीं कुछ लोग व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण भी करते हैं। इसी कड़ी में मोतिहारी के सुगौली प्रखंड क्षेत्र में छठ महापर्व के पावन अवसर पर कलवार सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से छठव्रतियों के बीच सूप एवं पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इसको लेकर राजा साह रामज्योती देवी विवाह भवन के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुगौली चैंबर ऑफ कॉमर्स के संस्थापक अध्यक्ष अशोक कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद सूप एवं पूजन सामग्री का विधिवत पूजन किया गया। इस अवसर पर अशोक कुमार ने समस्त देशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए छठी मईया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान छठव्रतियों ने छठी मईया के मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समिति के सदस्यों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मौके पर कलवार सेवा समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष अनिल कुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ प्रशांत कुमार, सचिव कुनाल कुमार, संरक्षक मिथिलेश कुमार, दुर्गा भास्कर, शंभू प्रसाद, विशाल कुमार, राज आर्यन, सत्यम कुमार सहित समिति के अनेक सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छठी मईया के जयकारों के साथ हुआ।

  

Related Articles

Post a comment