सूर्य घर योजना में बरारी का प्रदर्शन रहा बेहतर, जेई शिवशंकर और पहले लाभुक अशोक सम्मानित
- by Manjesh Kumar
- 02-Nov-2026
- Views
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में मिला सम्मान, डीएम आशुतोष द्विवेदी ने प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित
कटिहार: प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के क्रियान्वयन में बेहतर प्रदर्शन कर बरारी विद्युत आपूर्ति प्रशाखा ने जिले में अपनी पहचान बनाई है। योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने को लेकर बरारी विद्युत आपूर्ति प्रशाखा के कनीय विद्युत अभियंता शिवशंकर कुमार को सम्मानित किया गया। वहीं, बरारी क्षेत्र में योजना के पहले लाभुक के रूप में सोलर पैनल लगवाने वाले अशोक कुमार यादव को भी सम्मान मिला।
रविवार को कटिहार के बरमसिया स्थित डीसीआर भवन में नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के 14वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कनीय विद्युत अभियंता शिवशंकर कुमार को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं, बरारी नगर पंचायत के बरारी बस्ती निवासी अशोक कुमार यादव को योजना के प्रति जागरूकता और पहल करने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने बरारी विद्युत आपूर्ति प्रशाखा क्षेत्र में सबसे पहले अपने घर पर सोलर पैनल लगवाकर योजना का लाभ लिया था।
समारोह में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विद्युत आपूर्ति प्रशाखाओं और बेहतर कार्य करने वाले वेंडरों को भी सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने योजना के माध्यम से उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने और बिजली बिल में बचत के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। इस मौके पर कटिहार नगर निगम की महापौर उषा अग्रवाल, उपमहापौर मंजूर खान, विद्युत कार्यपालक अभियंता धीरज सिन्हा, बारसोई के विद्युत कार्यपालक अभियंता प्रशांत मंजु, सिविल सर्जन, विभागीय अधिकारी-कर्मी एवं योजना के लाभुक उपस्थित थे।


Post a comment