तेज आंधी बारिश ने कई परिवार को किया बेघर, भीषण गर्मी और बारिश में खुले में रहने को हैं मजबूर...
- by Manjesh Kumar
- 26-May-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दनिहा पंचायत के फुतकीपुर और रहमतपुर गांव में बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने कई गरीब परिवारों की जिंदगी प्रभावित कर दी। तेज हवाओं के कारण कई घरों के छप्पर उड़ गए, जिससे प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। बारिश का पानी घरों में घुसने से अनाज, कपड़े, बर्तन, जरूरी कागजात समेत अन्य घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रभावित परिवारों में मो रकीब आलम, मो साकिब आलम, मंजूमा खातून, परिमाण खातून और खेरून निशा सहित कई लोग शामिल हैं। पीड़ितों ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे अचानक आई आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद गांव के समाजसेवियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर सरकारी सहायता की मांग की। ग्रामीणों ने राहत सामग्री, मुआवजा तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की अपील की है।
वहीं, आजमनगर अंचल अधिकारी मो रिजवान आलम ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व कर्मचारी को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार सहायता दी जाएगी।


Post a comment