पहले आकाश यादव और अब मोतीलाल राय की पत्नी..., तेज प्रताप यादव पर लगाया गंभीर आरोप, कहा...

पटना: राजद सुप्रीमो लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव लगातार विवादों में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। पहले उनके विरुद्ध कथित प्रेमिका अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने मामला दर्ज कराया तो अब उनके खास सहयोगी और पार्टी के पूर्व महासचिव मोतीलाल राय की पत्नी ने भी गंभीर आरोप लगाया है। बता दें कि एक दिन पहले ही तेज प्रताप यादव ने अपने सहायक मोतीलाल यादव पर 20 लाख रूपये नकद समेत कई अन्य बहुमूल्य सामानों की चोरी का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था और अब उनकी पत्नी ने तेज प्रताप पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने कहा कि उनके पति को साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से मेरे पति कहां हैं, मुझे यह भी नहीं पता है। उनका मोबाइल भी बंद है। उन्होंने अपने पति की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। प्रीति भारती ने बताया कि उनके पति पिछले चार दिनों से तेज प्रताप यादव के आवास पर ही रह रहे थे। सोमवार रात करीब 8 बजे उनकी मोतिलाल से बातचीत हुई थी। उन्होंने दावा किया कि यह बातचीत तेज प्रताप यादव के मोबाइल फोन से हुई थी। जब उन्होंने अपने पति से उनका फोन नहीं लगने का कारण पूछा, तो जवाब मिला कि उनका मोबाइल तेज प्रताप यादव के पास है।

प्रीति भारती ने कहा कि बातचीत के बाद से वह लगातार अपने पति से संपर्क करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनके पति के साथ कुछ गलत हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उनके पति पर आरोप हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने क्यों नहीं लाया जा रहा है। प्रीति भारती की शिकायत पर पटना के अगमकुआं थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में उन्होंने तेज प्रताप यादव और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रीति का कहना है कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे और खुद को ED तथा CBI का अधिकारी बताया। उन्होंने घर में दबाव बनाने की कोशिश की और दस्तावेज मांगने लगे।

मोतीलाल रात की पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके घर आए लोगों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया था। पूरे घटनाक्रम से वह काफी डरी हुई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति का मोबाइल फोन तेजप्रताप यादव के पास था और इसी वजह से वह सीधे अपने पति से संपर्क नहीं कर पा रही थीं। प्रीति भारती ने अपने आरोपों के समर्थन में पुलिस को CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराया है। उनका कहना है कि फुटेज में कुछ लोग उनके घर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और उनके पति को जल्द खोजने की मांग की है। प्रीति भारती का आरोप है कि जब उनके पति ने तेज प्रताप यादव के आवास से दूरी बनाने की बात कही, तभी उनके खिलाफ यह पूरा मामला तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि उनके पति निर्दोष हैं और उन्हें झूठे आरोपों में फंसाया जा रहा है। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

बता दें कि एक दिन पहले ही तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक मोतीलाल राय पर अपने घर में चोरी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने पुलिस में की अपनी शिकायत में कहा था कि मोतीलाल राय ने उनके घर से 20 लाख रुपए नकद, सोना चांदी के जेवर, आईपैड समेत कई अन्य महंगे सामान लेकर चहारदीवारी फांद भागते हुए देखा था। तेज प्रताप यादव की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी। इसी बीच मंगलवार को मोतीलाल राय की पत्नी सामने आई और उसने कहा कि तेज प्रताप यादव और उनके सहयोगियों ने मेरे पूरे परिवार के सदस्यों का मोबाइल छीन लिया है साथ ही मेरे पति कहां हैं, मुझे यह भी पता नहीं है।

  

Related Articles

Post a comment