वापस नहीं की गई है TRE 4 की अधियाचना, पहले BPSC फिर शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया पूरा मामला
- by Manjesh Kumar
- 08-Aug-2026
- Views
पटना: बिहार में लंबे समय से अभ्यर्थी टीआरई 4 परीक्षा की मांग करते हुए देरी के लिए विभाग और सरकार पर कई तरह के आरोप भी लगा रहे हैं। इस बीच अब टीआरई 4 परीक्षा में देरी के कारण को लेकर बीपीएससी ने स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा विभाग की तरफ से भेजी गई अधियाचना वापस नहीं की गई है बल्कि उसमें कुछ त्रुटियां मिली थी जिसे ठीक किया जा रहा है। BPSC के अनुसार TRE-4 की अधियाचना आयोग को मिल चुकी थी, इसकी जांच के दौरान कुछ कमियां सामने आई। इसके बाद शिक्षा विभाग को जरूरी सुधार करने के लिए कहा गया।
मामले को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी अहम जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि BPSC की ओर से अधियाचना में सुधार को लेकर प्राथमिक शिक्षा निदेशक को पत्र मिला था। मंत्री के अनुसार, आयोग ने जिन त्रुटियों की ओर ध्यान दिलाया था, उन्हें ठीक कर दिया गया है। संशोधित अधियाचना भेजने की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। शिक्षा मंत्री ने बताया कि कुछ विषय पिछली अधियाचना में शामिल होने से छूट गए थे। अब इन विषयों को भी भर्ती में शामिल किया जाएगा, इसके लिए शिक्षा विभाग की ओर से सप्लीमेंट्री अधियाचना BPSC को भेजी जाएगी। मंत्री के अनुसार यह सप्लीमेंट्री अधियाचना अगले एक-दो दिनों में भेजी जा सकती है।
संशोधित और सप्लीमेंट्री अधियाचना मिलने के बाद BPSC TRE-4 की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। इसके बाद विज्ञापन जारी करने का रास्ता साफ होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि आयोग भी अपनी तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि TRE-4 को लेकर BPSC अध्यक्ष से उनकी व्यक्तिगत स्तर पर बातचीत भी हुई है, इससे अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि अब भर्ती प्रक्रिया में ज्यादा देरी नहीं होगी। TRE-4 की भर्ती रद्द नहीं हुई है और न ही अधियाचना वापस की गई है। फिलहाल देरी की वजह अधियाचना में मिली कुछ त्रुटियां और छूटे हुए विषय हैं। शिक्षा विभाग इन सुधारों को पूरा कर रहा है। सप्लीमेंट्री अधियाचना भेजे जाने के बाद BPSC विज्ञापन और परीक्षा से जुड़ी अगली प्रक्रिया शुरू करेगा।


Post a comment