योग भारत की प्राचीन परंपरा का हिस्सा है और इसे दुनिया भर ने स्वीकार किया - गिरिराज सिंह
- by Manjesh Kumar
- 21-Jun-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कई योग शिविरों में भाग लेकर योग प्रेमियों का उत्साहवर्धन किया। मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर स्टेडियम में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित योग शिविर और भाजपा की ओर से रामदयालु सिंह स्मृति भवन में आयोजित शिविर में गिरिराज सिंह ने स्वयं योग किया और उनके उपस्थिति में लोगों ने योग किया।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को वैश्विक पटल पर पहुंचाया और संयुक्त राष्ट्र से इसे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित करवाया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए बल्कि मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति के लिए भी आवश्यक है। योग भारत की प्राचीन परंपरा का हिस्सा है और इसे दुनिया भर में स्वीकार किया गया है। इस अवसर पर सैकड़ों योग प्रेमियों ने भाग लिया और प्रातःकालीन सत्र में विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, भाजपा के नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक मान्यता मिली है और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में योग दिवस मनाया जाता है। यह गौरव की बात है कि भारत की इस प्राचीन विधा को पूरी दुनिया ने अपनाया।


Post a comment