कटिहार: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 150 लीटर देसी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार, एक फरार

कटिहार: कटिहार जिले के सेमापुर ओपी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार को लगातार दो बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 150 लीटर देसी शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। दोनों मामलों में पुलिस ने कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पहली कार्रवाई में सेमापुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली कि एक टोटो सवार व्यक्ति अवैध देसी शराब की खेप लेकर मथुरा ढाला की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद सेमापुर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मथुरा ढाला पहुंचे। पुलिस को देखकर टोटो चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम नितिन कुमार, पिता मनोज साह, निवासी बथनाहा, थाना मनसाही, जिला कटिहार बताया। टोटो की तलाशी लेने पर उसमें से 100 लीटर देसी शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब और टोटो को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरी कार्रवाई में सेमापुर ओपी प्रभारी रमाशंकर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरेटा पंचायत के अमीनाबाद टप्पू स्थित एक कामत में छापेमारी की। इस दौरान जमादार मंडल, पिता स्वर्गीय अनिरुद्ध मंडल, निवासी अमीनाबाद टप्पू के कामत से 50 लीटर देसी शराब बरामद की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सेमापुर पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment