महानवमी के अवसर पर मुंगेर पहुंचे सीएम सम्राट, गृह क्षेत्र के कई दुर्गा पूजा पंडाल में लिया आशीर्वाद
- by Manjesh Kumar
- 19-Oct-2026
- Views
मुख्यमंत्री ने महानवमी पर तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में की पूजा-अर्चना, राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की
मुंगेर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को महानवमी के पावन अवसर पर मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों एवं पूजा पंडालों में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राज्य की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली तथा बिहार के निरंतर विकास की कामना की। मुख्यमंत्री ने दुर्गा स्थान संग्रामपुर, दुर्गा स्थान नवगाई, दुर्गा स्थान मनियाँ, दुर्गा स्थान बदरी विशाल नगर, दुर्गा स्थान माधोडीह, श्री श्री 108 छोटी तिलडीहा दुर्गा स्थान, विहमा, दुर्गा स्थान धौनी, तारापुर ठाकुरबाड़ी के समीप स्थित दुर्गा स्थान, रणगाँव दुर्गा स्थान एवं लखनपुर दुर्गा स्थान के पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों ने मुझे विधायक और बिहार का मुख्यमंत्री बनाया है। तारापुर के साथ-साथ पूरे बिहार में समृद्धि लाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि अगले पांच वर्षों में बिहार में रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों, ताकि लोगों को रोजगार एवं मजदूरी के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़े। उन्होंने कहा कि तिलडीहा में मां दुर्गा की पूजा करने आने वाले श्रद्धालु यहां भी पहुंचते हैं। बिहार समृद्ध बने और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़े, यही मां दुर्गा से कामना है। दुर्गा मंदिरों के भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री तारापुर विधायक कार्यालय भी पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। महानवमी के अवसर पर विभिन्न पूजा स्थलों पर मुख्यमंत्री की उपस्थिति के दौरान स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया।
इससे पहले मुख्यमंत्री मुंगेर जिले के तारापुर अनुमंडल अंतर्गत संग्रामपुर प्रखंड की कहुआ पंचायत स्थित बासुकीनाथ राय खेल मैदान में मां दुर्गा पूजा समिति, कहुआ द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शामिल हुए। फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मैच जूनियर स्पोर्टिंग क्लब, पाटम जमालपुर और झारखंड एफसी की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें झारखंड एफसी की टीम ने 2-0 से जीत दर्ज की। मुख्यमंत्री ने मैच का अवलोकन किया तथा दोनों टीमों के कप्तानों को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर स्थानीय नेताओं एवं आमजनों ने पुष्पमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, जिला परिषद् सदस्य प्रीति पासवान, जिला परिषद् के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह कल्लू, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद समेत वरीय अधिकारी उपस्थित थे।


Post a comment