मानव तस्करी के खिलाफ 41वीं वाहिनी एसएसबी की पहल, भातगांव के कोचिंग सेंटर में छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
- by Manjesh Kumar
- 11-Nov-2026
- Views
किशनगंज: मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक बुराई पर अंकुश लगाने तथा बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को इसके खतरों से अवगत कराने के उद्देश्य से 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, रानीडांगा की मानव तस्करी रोधी इकाई, सिलीगुड़ी की टीम द्वारा बुधवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान भातगांव पंचायत क्षेत्र के दुर्गा मंदिर टोला स्थित एजुकेशन हब कोचिंग सेंटर में कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम एसएसबी भातगांव के कार्यक्षेत्र में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मानव तस्करी रोधी इकाई की टीम ने बच्चों को मानव तस्करी के विभिन्न तरीकों, इसके पीछे सक्रिय लोगों के झांसे तथा इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मानव तस्करी से जुड़े मामले की जानकारी मिलने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
टीम ने छात्र-छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति विशेष रूप से सतर्क किया। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अनजान लोग कई बार नौकरी, रोजगार और बेहतर भविष्य का लालच देकर बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के आकर्षक प्रस्तावों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। बिना पूरी जानकारी और उचित सत्यापन के किसी के साथ व्यक्तिगत जानकारी साझा करने या उसके बताए रास्ते पर जाने से बचना चाहिए। टीम ने कम उम्र में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी बच्चों को सावधानी बरतने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अनुशासन बनाए रखने, अपनी समस्याओं को अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ साझा करने तथा किसी भी परेशानी या संदिग्ध स्थिति में चुप रहने के बजाय उचित माध्यम से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराई से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय हैं।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें बताया गया कि वे देश का भविष्य हैं। उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में गलत लोगों के बहकावे में नहीं आना चाहिए। जीवन में आने वाली समस्याओं का समाधान संभव है, इसलिए किसी भी तरह के दबाव, लालच या भय की स्थिति में अपने परिवार और शिक्षकों से मदद लेने में संकोच नहीं करना चाहिए।
इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को मानव तस्करी के खतरों, उसके तरीकों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें सुरक्षित, सतर्क एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। ऐसे कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


Post a comment