शेखपुरा पहुंचे एडीजी अमित लोढ़ा ने की पुलिसिया व्यवस्थाओं की समीक्षा, दिए कई निर्देश

शेखपुरा: बिहार पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अमित लोढ़ा ने शेखपुरा का दौरा कर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने नए पुलिस लाइन (मटोखर), ईआरएसएस (ERSS) कार्यालय तथा नगर थाना का औचक निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीजी ने आपातकालीन सेवा डायल 112 की कार्यप्रणाली की विशेष रूप से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया समय (रिस्पॉन्स टाइम) को वर्तमान 10 मिनट से घटाकर 6 से 7 मिनट के भीतर लाने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए, ताकि आम लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

एडीजी अमित लोढ़ा ने जिले के पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। बैठक में अपराध नियंत्रण को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई और बेहतर पुलिसिंग के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।एडीजी ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस और जनता के बीच विश्वास का संबंध मजबूत हुआ है तथा लोगों का पुलिस के प्रति लगाव बढ़ा है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनहित में कार्य करने और आम नागरिकों के साथ मित्रवत व्यवहार बनाए रखने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध नियंत्रण संबंधी निर्देशों का उल्लेख करते हुए एडीजी ने कहा कि राज्य सरकार अपराध के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि शेखपुरा के पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी से भी विस्तृत बातचीत की गई है और जिले में अपराध नियंत्रण की चुनौतियों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस की सक्रियता और बेहतर समन्वय से कानून-व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

  

Related Articles

Post a comment