काशी विश्वनाथ में जलाभिषेक, अयोध्या में रामलला के दर्शन और हनुमानगढ़ी की रात्रि आरती में शामिल हुए आशीष गोस्वामी
- by Manjesh Kumar
- 31-Oct-2026
- Views
पूर्णिया: विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी अपनी धर्मपत्नी एवं पुत्र के साथ काशी और अयोध्या धाम की धार्मिक यात्रा पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने वाराणसी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके साथ ही अपनी धर्मपत्नी एवं पुत्र के साथ काशी के पावन गंगा घाट पर आयोजित संध्या गंगा आरती में भी सम्मिलित हुए। वहीं अयोध्या में प्रभु श्री रामलला के दर्शन किए और श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ रात्रि आरती में भी विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों पावन धामों में उनके लिए विशेष प्रोटोकॉल के तहत दर्शन-पूजन की व्यवस्था की गई थी।
बाबा श्री काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने इसे बाबा भोलेनाथ की असीम कृपा और अपने लिए सौभाग्य का विषय बताया। आशीष गोस्वामी ने कहा कि बाबा भोलेनाथ एवं प्रभु श्रीराम की असीम कृपा से काशी से अयोध्या धाम तक दोनों पावन स्थलों पर विशेष प्रोटोकॉल के तहत दर्शन-पूजन करने का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने पूर्णिया, सीमांचल सहित पूरे देश के सनातनी समाज की सुख-शांति, समृद्धि और उन्नति की कामना की।
हनुमानगढ़ी में संगठन के युवाओं के साहस और शक्ति के लिए लगाई अर्जी
अयोध्या स्थित श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में रात्रि आरती में शामिल होने के दौरान आशीष गोस्वामी ने बजरंगबली से विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के युवाओं में साहस, शक्ति, सेवा भाव और धर्म के प्रति समर्पण बनाए रखने की प्रार्थना की। उन्होंने संगठन के युवा कार्यकर्ताओं को धार्मिक, सामाजिक एवं जनकल्याण के कार्यों में निरंतर आगे बढ़ने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी से सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को नई दिशा मिलती है। संगठन के युवा धर्म रक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ समाज के बीच सकारात्मक योगदान देते रहें, यही उनकी कामना है।
हर वर्ष करते हैं काशी और अयोध्या में दर्शन-पूजन
आशीष गोस्वामी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या धाम में दर्शन-पूजन उनके लिए आस्था और आध्यात्मिक विश्वास का विषय है। वे प्रत्येक वर्ष इन पावन धामों में पहुंचकर सनातन समाज की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हैं। प्रभु श्रीराम, बाबा भोलेनाथ और बजरंगबली के प्रति अटूट विश्वास उन्हें धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों का आधार है। सनातन समाज को और सशक्त बनाने के लिए एकता, आपसी विश्वास और भाईचारे को मजबूत करना आवश्यक है। विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ धर्म रक्षा, समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों में अपना योगदान देता रहेगा।
अंत में उन्होंने प्रभु श्रीराम, बाबा काशी विश्वनाथ और बजरंगबली से प्रार्थना की कि समस्त सनातनी परिवारों पर उनकी कृपा बनी रहे। देश में शांति, सद्भाव और समृद्धि का वातावरण कायम हो तथा दीपावली के अवसर पर सभी देशवासियों का जीवन सुखमय एवं मंगलमय हो।


Post a comment