महिलाओं की आय बढ़ाने का बनेगा जरिया बकरी पालन, बरारी में जागरूकता व प्रशिक्षण शिविर

कटिहार: ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बकरी पालन को संगठित व्यवसाय का रूप देने की दिशा में बुधवार को बरारी प्रखंड मुख्यालय स्थित जीविका भवन में प्रशिक्षण सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रखंड बरारी प्राथमिक बकरी पालक सहयोग समिति लिमिटेड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों और बकरी पालकों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष कल्पना देवी ने की। शिविर में बकरी पालन को केवल पारंपरिक पशुपालन नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने वाले आजीविका के प्रभावी साधन के रूप में प्रस्तुत किया गया।

प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सह प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मुकेश कुमार वर्णवाल ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन कर ग्रामीण परिवार कम लागत में बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बकरियों के स्वास्थ्य प्रबंधन, रोगों की रोकथाम, समय पर टीकाकरण और संतुलित आहार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पशुपालकों को सरकार की विभिन्न अनुदान एवं सहायता योजनाओं से अवगत कराते हुए उनका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रखंड बरारी प्राथमिक बकरी पालक सहयोग समिति का निबंधन हो चुका है और इसके माध्यम से बकरी पालकों को एक मंच पर जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। समिति का उद्देश्य प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता, बाजार तक पहुंच और सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कर पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है।

प्रखंड परियोजना प्रबंधक संजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय समन्वय सदस्य कुंदन कुमार शर्मा, जीविका उपाध्यक्ष पार्वती देवी सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं यदि समूह बनाकर आधुनिक तरीके से बकरी पालन करें तो यह रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बन सकता है। शिविर के अंत में महिलाओं से अपील की गई कि वे बकरी पालन को सिर्फ घरेलू गतिविधि न मानकर एक लाभकारी व्यवसाय के रूप में अपनाएं और समिति से जुड़कर प्रशिक्षण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

  

Related Articles

Post a comment