हाईवा की चपेट में आने से बुजुर्ग महिला की मौत, ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जताया आक्रोश
- by Manjesh Kumar
- 11-Aug-2026
- Views
कटिहार: बरारी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार हाईवा ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। हादसा कालिकापुर से जगदीशपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर कब्रिस्तान के समीप हुआ। मृतका की पहचान जगदीशपुर वार्ड संख्या सात निवासी उर्मिला देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उर्मिला देवी किसी काम से कालिकापुर बाजार जा रही थीं। इसी दौरान कब्रिस्तान के समीप तेज रफ्तार हाईवा ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाईवा चालक ट्रक लेकर मौके से भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि, ग्रामीणों ने पीछा कर हाईवा को पकड़ लिया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मृतका के शव को सड़क पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना मिलने पर बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कटिहार भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की चौड़ाई बढ़ाने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।


Post a comment