गया जी में गाजे-बाजे, ऊंट-घोड़ों के साथ निकली भरत मिलाप की भव्य शोभायात्रा, रामभक्तों पर ड्रोन से हुई पुष्प वर्षा

भगवान श्रीराम को लगा छप्पन भोग; महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गया जी: श्री आदर्श लीला समिति के तत्वावधान में रामलीला मंचन के अंतिम दिन भरत मिलाप का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान गाजे-बाजे, ऊंट-घोड़ों के साथ आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। बिसार तालाब स्थित आयोजन स्थल पर रामभक्तों पर ड्रोन से पुष्पवर्षा की गई और भगवान श्रीराम को छप्पन भोग अर्पित किया गया। इसके बाद विधिवत महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। 

कार्यक्रम का उद्घाटन गया नगर निगम के मेयर डॉ वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव, पार्षद सारिका वर्मा और समिति के अध्यक्ष कुमार गौरव उर्फ गौरव सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर चिकित्सकों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। इसके बाद बिसार तालाब रोड से निकली शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए जीबी रोड स्थित कोतवाली थाना चौक पहुंची। यहां भगवान श्रीराम और भरत का मिलन हुआ। दोनों भाइयों के भावुक मिलन को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा इलाका जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।

57 वर्षों से निभाई जा रही परंपरा

समिति के अध्यक्ष गौरव सिन्हा ने बताया कि श्री आदर्श लीला समिति पिछले 57 वर्षों से भरत मिलाप का आयोजन करती आ रही है। यह आयोजन गयाजी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भरत मिलाप प्रेम, त्याग, भाईचारे और पारिवारिक एकता का संदेश देता है। वहीं, मेयर गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान श्रीराम और भरत का मिलन भारतीय संस्कृति, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

  

Related Articles

Post a comment