बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की बैठक और ट्रेनिंग पर रोक, पहली घंटी से शुरू होगी पढ़ाई, नया आदेश जारी

बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की बैठक और ट्रेनिंग पर रोक, पहली घंटी से शुरू होगी पढ़ाई, शिक्षा विभाग ने जारी किया नया आदेश

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। अब शिक्षण अवधि के दौरान शिक्षकों को पढ़ाई छोड़कर विभागीय बैठक, प्रशिक्षण, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और कार्यशालाओं में शामिल नहीं होना पड़ेगा। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में निर्धारित शिक्षण समय का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। अब सभी विभागीय बैठकें, प्रशिक्षण और अन्य कार्यक्रम विद्यालय खुलने से पहले या छुट्टी होने के बाद ही आयोजित किए जाएंगे।

इस संबंध में शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी जिलों और सरकारी विद्यालयों के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। नए निर्देश के अनुसार, शिक्षण अवधि के दौरान विभागीय अधिकारी भी शिक्षकों से रिपोर्ट और आंकड़ों की मांग नहीं कर सकेंगे। सरकार का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक अनुशासन कायम करना, शिक्षकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना और बच्चों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है।

पहली घंटी बजते ही शुरू होगी पढ़ाई

शिक्षा विभाग के नए निर्देश के मुताबिक, सभी सरकारी विद्यालय निर्धारित समय पर खुलेंगे। स्कूलों में प्रार्थना सभा भी तय समय पर आयोजित करनी होगी। इसके बाद पहली घंटी बजते ही कक्षाओं में पढ़ाई शुरू करनी अनिवार्य होगी। किसी भी परिस्थिति में कक्षा खाली नहीं रहनी चाहिए।

शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों में केवल अनिवार्य परिस्थितियों में ही लगाया जाएगा। प्रधानाध्यापकों को ऐसी व्यवस्था करनी होगी कि किसी भी सूरत में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूलों में उपलब्ध शिक्षण समय का इस्तेमाल पूरी तरह शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाना चाहिए।

शिक्षक अनुपस्थित रहे तो दूसरे शिक्षक को मिलेगी जिम्मेदारी

सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापकों को दी गई है। उन्हें प्रतिदिन शिक्षकों की उपस्थिति की समीक्षा करनी होगी। यदि कोई शिक्षक अनुपस्थित रहता है तो उसी दिन दूसरे शिक्षक को संबंधित कक्षा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

इसके लिए प्रत्येक विद्यालय में स्थानापन्न व्यवस्था रजिस्टर रखना अनिवार्य होगा। बिना सूचना या अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सभी विद्यालयों में कक्षावार और विषयवार समय-सारणी प्रदर्शित करनी होगी, ताकि बच्चों को निर्धारित समय के अनुसार नियमित पढ़ाई मिल सके।

शिक्षकों को रोज तैयार करनी होगी पाठ योजना

शिक्षा विभाग ने पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने के लिए शिक्षकों को प्रतिदिन पाठ योजना तैयार करने का निर्देश दिया है। सभी शिक्षकों को शिक्षण डायरी का भी नियमित संधारण करना होगा। प्रधानाध्यापक समय-समय पर इसकी समीक्षा करेंगे।

पढ़ाई में कमजोर बच्चों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। शुरुआती कक्षाओं में बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणित की बुनियादी समझ विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

इसके अलावा विद्यालयों में नियमित गृहकार्य, साप्ताहिक और मासिक परीक्षाएं आयोजित करनी होंगी। उत्तर पुस्तिकाओं की समय पर जांच और परीक्षा परिणामों का विश्लेषण भी करना होगा। इससे बच्चों की शैक्षणिक प्रगति का पता लगाने और कमजोरियों को दूर करने में मदद मिलेगी।

बच्चों के अनुकूल माहौल बनाने पर विशेष जोर

शिक्षा विभाग ने स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के लिए समय पालन, साफ-सफाई, निर्धारित स्कूल ड्रेस और आपसी सम्मान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों को बच्चों के साथ सकारात्मक व्यवहार करना होगा। स्कूलों में शारीरिक और मानसिक दंड पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रधानाध्यापकों को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित समय पर भोजन वितरण की निगरानी करनी होगी। इसके साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए हर महीने अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएगी। हालांकि, इन बैठकों के कारण भी नियमित पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।

खेलकूद और कला गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने खेलकूद और सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया है। सरकारी विद्यालयों में फुटबॉल का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। यह गतिविधि स्कूल का समय समाप्त होने के बाद आयोजित होगी, जिसमें छात्र और छात्राएं दोनों हिस्सा ले सकेंगे।

विद्यालय, प्रखंड और जिला स्तर पर फुटबॉल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा गीत-संगीत, नाटक, शिल्प, भाषण और वाद-विवाद जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बच्चों को प्रेरणादायक और शैक्षिक वीडियो भी दिखाए जाएंगे।

छात्राओं को दिया जाएगा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

नए निर्देशों में छात्राओं के आत्मविश्वास और सुरक्षा को भी महत्व दिया गया है। इसके तहत पीटी शिक्षकों को विशेष रूप से छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया गया है। विभिन्न शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा।

विभाग का मानना है कि पढ़ाई के साथ खेलकूद, कला और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करने में मदद मिलेगी।

हर सप्ताह सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे अधिकारी

शिक्षा विभाग ने विद्यालयों की निगरानी और जवाबदेही तय करने के लिए भी नए निर्देश जारी किए हैं। प्रखंड और जिला स्तर के अधिकारियों को हर सप्ताह निर्धारित संख्या में सरकारी विद्यालयों का निरीक्षण करना होगा।

निरीक्षण के दौरान कक्षाओं में पढ़ाई की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति और शिक्षक के अनुपस्थित रहने पर वैकल्पिक व्यवस्था की जांच की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों और व्यवस्था की समीक्षा होगी।

लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई

नए आदेश के तहत प्रधानाध्यापकों को अपने विद्यालय में शैक्षणिक अनुशासन बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार बनाया गया है। बेहतर काम करने वाले शिक्षकों और विद्यालयों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सभी क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशकों (आरडीडीई) और जिला शिक्षा पदाधिकारियों (डीईओ) को एक सप्ताह के भीतर नए निर्देशों के अनुपालन की पुष्टि शिक्षा विभाग को भेजनी होगी। इसके बाद प्रत्येक महीने प्रगति प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराना होगा।

शिक्षा विभाग के इस फैसले से बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के लिए निर्धारित समय का बेहतर उपयोग होने की उम्मीद है। अब शिक्षकों को शिक्षण अवधि के दौरान विभागीय बैठकों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में शामिल होने के बजाय बच्चों की पढ़ाई पर अधिक ध्यान देना होगा।

  

Related Articles

Post a comment