26 नवंबर को पटना में किसानों का विरोध प्रदर्शन, गांधी मैदान से लोक भवन तक करेंगे मार्च

पटना: 26 नवंबर को किसानों के ज्वलंत सवालों को लेकर पटना में आयोजित होने वाले लोक भवन मार्च की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज संयुक्त किसान मोर्चा की ऑनलाइन बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार के सभी घटक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। 26 नवंबर को किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा ने 'राष्ट्रव्यापी विरोध दिवस' का आह्वान किया है। किसान आंदोलन स्थगित करने से पूर्व, 9 दिसंबर 2021 को भारत सरकार ने संयुक्त किसान मोर्चा को उसकी मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दिया था। हालांकि, लगभग पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद सरकार ने उन मांगों को पूरा नहीं किया है।

विरोध-प्रदर्शन के माध्यम से देश के किसान किसान-विरोधी मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द करने; C2+50% की दर से एमएसपी की कानूनी गारंटी देने, कर्ज माफी लागू करने, सार्वजनिक क्षेत्र के माध्यम से प्रभावी फसल बीमा योजना लागू करने, 'बिजली निजीकरण विधेयक 2025', 'बीज विधेयक 2025' और 'NFSA संशोधन विधेयक' को वापस लेने, जबरन भूमि अधिग्रहण पर रोक लगाने, LARR अधिनियम 2013, FRA 2006 और PESA 1996 के तहत भूमि अधिकारों की रक्षा करने, चारों श्रम संहिताओं को रद्द करने तथा 200 दिनों के काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी की गारंटी के साथ मनरेगा को पुनः बहाल करने की मांग करेंगे।

इस दौरान संगठन के अधिकारियों ने कहा कि एक तरफ भूमि अधिग्रहण के नाम पर किसानों की जमीन छीनने की कोशिशें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ खाद की बढ़ती कीमतों, उसकी किल्लत और कृषि लागत में लगातार वृद्धि ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है। धान की खरीद में अव्यवस्था, सरकारी खरीद की अपर्याप्त व्यवस्था और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिलने के कारण किसान आर्थिक संकट में हैं। सरकार सैटेलाइट टाउनशिप, लैंड पुलिंग और अन्य परियोजनाओं के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण करने पर आमादा है। दियारा क्षेत्र की जमीन को टोपोलैंड घोषित कर किसानों के भूमि अधिकारों पर हमला किया जा रहा है। इस प्रकार किसानों की आजीविका, जमीन और खेती के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं।

संयुक्त किसान मोर्चा इन मुद्दों को लेकर निरंतर आवाज उठाता रहा है और इस संबंध में अनेक विरोध-प्रदर्शन भी आयोजित किए गए हैं। 24 अगस्त 2026 को संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया था। 26 नवंबर को ऐतिहासिक किसान आंदोलन की छठी वर्षगांठ के अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा, बिहार ने लोक भवन मार्च का आह्वान किया है। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से हजारों किसान गांधी मैदान में एकत्रित होंगे और अपनी मांगों को लेकर लोक भवन मार्च करेंगे। किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपेगा।

  

Related Articles

Post a comment