सीएम सम्राट के हेलीकॉप्टर के लैंडिंग वक्त उड़ी थी धूल, अब बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी नप गए...
- by Manjesh Kumar
- 23-Jun-2026
- Views
बक्सर: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के वक्त धूल उड़ने की एक घटना मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मामले में नगर विकास एवं आवास विभाग ने बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके ऊपर कर्तव्य में लापरवाही, वरीय अधिकारियों के निर्देश की अवहेलना तथा सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक का आरोप लगा है। जानकारी के अनुसार सीएम सम्राट बीते 24 मई को बक्सर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे और इस दौरान किला मैदान में उनके हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड बनाया गया था। लेकिन सीएम सम्राट के हेलीकॉप्टर के लैंडिंग के वक्त धूल उड़ने लगी थी जिसके बाद लैंडिंग में काफी परेशानी हुई थी। इस मामले को सुरक्षा में चूक मानते हुए जांच की गई और अब इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार मामले की जांच के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक टीम गठित की गई थी जिसने अब अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। डीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजी। जांच प्रतिवेदन में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने यह सख्त कदम उठाया। विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि कुमार ऋत्विक का आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली के विपरीत पाया गया है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया कि उनकी लापरवाही से वीवीआईपी सुरक्षा में चूक हुई, जिसे गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान कुमार ऋत्विक का मुख्यालय नगर आयुक्त, नगर निगम मुजफ्फरपुर का कार्यालय निर्धारित किया गया है। विभाग ने साफ कर दिया है कि यह सिर्फ शुरुआती कार्रवाई है। जल्द ही उनके खिलाफ आरोप पत्र जारी कर विभागीय कार्यवाही भी शुरू की जाएगी।


Post a comment