बक्सर में शिक्षा मंत्री ने की समीक्षा बैठक, कहा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से न करें समझौता
- by Manjesh Kumar
- 09-Jul-2026
- Views
बक्सर: बक्सर जिला अतिथि गृह में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शैक्षणिक वातावरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सभी योजनाओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से धरातल पर उतारने तथा विद्यार्थियों तक उनका लाभ सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुख शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रत्येक विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आवश्यक आधारभूत सुविधाएं और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षा विभाग का प्रत्येक पदाधिकारी इस संकल्प के साथ कार्य करे कि सरकारी विद्यालय आमजन के विश्वास का केंद्र बनें और प्रत्येक विद्यार्थी को सीखने के बेहतर अवसर प्राप्त हों। बैठक में विधान पार्षद जीवन कुमार, जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित शिक्षा विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Post a comment