तेज रफ्तार का कहर: पुल के रेलिंग से टकरा कार नदी में गिरी, मां बेटे की मौत
- by Manjesh Kumar
- 29-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने के लिए मिला। मुजफ्फरपुर जिले के बेनीबाद थाना के ठीकापाही के समीप NH-27 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, एक कार अनियंत्रित होकर पहले पुल के डिवाइडर से टकराई और उसके बाद पलटते हुए पुल के नीचे नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार नदी के पानी में जा गिरी और उसमें सवार दोनों लोग अंदर फंस गए। घटना में जहां सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। चश्मदीद मगरू आलम खान उर्फ लाडले, बेनीबाद थाना के चौकीदार विजय पासवान समेत कई स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर राहत-बचाव शुरू किया। लोगों ने कार के शीशे तोड़कर किसी तरह दोनों को बाहर निकाला इसके बाद NHAI के 1033 एंबुलेंस की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गायघाट पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मधु श्रीवास्तव को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके बेटे पुनीत स्पर्श की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए SKMCH, मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान बेटे की भी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मधु श्रीवास्तव सिंघवाड़ा के गर्ल्स हाई स्कूल, रामपुर में शिक्षिका थीं। मिली जानकारी के अनुसार, वह अपने बेटे पुनीत स्पर्श के साथ पटना से रक्षाबंधन के मौके पर अपने भाई को राखी बांधकर वापस अपने घर दरभंगा के सिमरी लौट रही थीं। इसी दौरान सिमरी चौक से पीछे, बेनीबाद थाना क्षेत्र के ठीकापाही के समीप यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बेनीबाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। अवर थानाध्यक्ष मौर्यन दीपांकरन ने बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर पलटने के बाद नदी में जा गिरी। स्थानीय लोगों की तत्परता से कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SKMCH, मुजफ्फरपुर भेज दिया गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment