शेखपुरा में घर में फंदे से लटका मिला छात्रा का शव, परिजनों में मचा कोहराम
- by Manjesh Kumar
- 22-Jun-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के कोरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरैना गांव में एक इंटर की छात्रा का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल व्याप्त हो गया है। मृतका की पहचान पुरैना गांव निवासी मुकेश राम की 16 वर्षीय पुत्री करीना कुमारी के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को परिजनों ने करीना को घर के अंदर फंदे से लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
आनन-फानन में इसकी सूचना कोरमा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोरमा थानाध्यक्ष मुरारी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शेखपुरा भेज दिया। घटना के बाद मृतका के माता-पिता एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। करीना की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार वह पढ़ाई में रुचि रखने वाली छात्रा थी, जिसकी अचानक हुई मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। कोरमा थानाध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


Post a comment