चिराग के विधायक पर लटक रही गिरफ्तारी की तलवार, एसएसपी ने कहा भूमि विवाद मामले में...
- by Manjesh Kumar
- 26-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है, जहां अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां-उदनडीह में जमीन कब्जे और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। दरअसल 20 अगस्त को दर्जनों से ज्यादा लोगों द्वारा कथित तौर पर जमीन पर पहुंचकर चहारदीवारी और मकानों में तोड़फोड़ किए जाने के मामले में अब बेलसंड के लोजपा(रा) विधायक अमित कुमार रानू भी पुलिस के निशाने पर है।
बता दें की सीतामढ़ी जिले के बेलसंड से लोजपा(रा) विधायक अमित कुमार रानू के खिलाफ जालसाजी और रंगदारी के साक्ष्य मिलने का पुलिस ने दावा किया है। इस पुरे प्रकरण पर देर रात जिले के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दीm पुलिस के अनुसार विधायक अमित रानू और उनके भाई सोनू सिंह को जेसीबी से कई लोगों के मकानों और बॉउंड्री को तोड़ने के मामले में साक्ष्य मिले है।
मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले से जुड़े अब तक 25 केस दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 8 मामलों में विधायक अमित रानू और उनके भाई अभिनव उर्फ सोनू सिंह नामजद आरोपी हैं। इसके अलावा विधायक के घर छापेमारी के दौरान पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में भी अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसएसपी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मोबाइल लोकेशन से पता चला कि विधायक का भाई सोनू सिंह कच्ची-पक्की ओपी के भिखनपुरा में छिपा हुआ है। इसके आधार पर पुलिस ने वहां छापेमारी की। आरोप है कि इस दौरान भी पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। इस मामले में कच्ची-पक्की ओपी में संतोष और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसएसपी ने यह भी बताया कि विधायक अमित रानू के खिलाफ रुन्नीसैदपुर थाने में रंगदारी, जबरन वसूली और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में पहले से मामला दर्ज है। इसके साथ ही सीतामढ़ी जिले की पुलिस से भी विधायक से जुड़े मामलों की जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक घटना के दौरान स्कॉर्पियो, थार, जेसीबी और बाइक से 50 से अधिक लोग मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि जेसीबी से निर्माणाधीन चहारदीवारियों को तोड़ा गया और विरोध करने वालों के साथ मारपीट व धमकी दी गई।
मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी की बात पुलिस ने कही है। बता दें कि बीते दिन पुलिस ने विधायक के मुजफ्फरपुर स्थित बैरिया आवास पर भी छापेमारी की थी, जहां से हस्ताक्षरित ब्लैंक स्टांप पेपर, पार्टनरशिप एग्रीमेंट और बैंक स्टेटमेंट जब्त किए जाने का दावा किया गया है। एसएसपी के अनुसार, मामले में भू-माफियाओं और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और वारंट मिलने के बाद विधायक के खिलाफ भी बड़ा कदम उठाया जा सकता है।


Post a comment