छठ पर्व को लेकर काढ़ागोला गंगा घाट पर चला स्वच्छता अभियान, जेसीबी व ट्रैक्टर से समतल कराया गया कीचड़युक्त घाट
- by Manjesh Kumar
- 14-Nov-2026
- Views
कटिहार: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर काढ़ागोला गंगा घाट पर व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। गंगा समग्र के स्वयंसेवकों और पंचायत स्तर के स्वच्छता कर्मियों के सहयोग से आयोजित इस अभियान का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार एवं अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गंगा किनारे फैले कीचड़ को जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से मिट्टी डलवाकर समतल कराया गया। साथ ही पूरे घाट की साफ-सफाई कर कचरा मुक्त बनाया गया। सुबह से ही स्वच्छता कर्मी घाट को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे रहे।
बीडीओ धीरेंद्र कुमार एवं सीओ मनीष कुमार ने बताया कि काढ़ागोला गंगा घाट ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व का स्थल है। पिछले दिनों यहां गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे थे। यह प्राकृतिक घाट है, स्थायी घाट नहीं होने के कारण नदी के जलस्तर के साथ घाट का स्वरूप और परिसीमन बदलता रहता है। छठ व्रतियों की सुरक्षा को लेकर गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर बैरिकेडिंग की गई है। खतरनाक घाटों को भी चिह्नित किया गया है तथा आपदा प्रबंधन कर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गहरे पानी में जाने से बचने और सुरक्षित तरीके से पूजा-अर्चना करने की अपील की।
बीडीओ ने गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं से नदी में कूड़ा-कचरा नहीं डालने की अपील करते हुए कहा कि नदियों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। नदियों में बढ़ता प्रदूषण भविष्य में गंभीर जल संकट का कारण बन सकता है। गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी 'बाबा' एवं जिला सहसंयोजक मनोज साह ने बताया कि संगठन पिछले आठ वर्षों से लगातार काढ़ागोला घाट पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चला रहा है। छठ महापर्व को लेकर इस बार प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
इस मौके पर घाट लेशी संजय यादव, एमएलसी प्रतिनिधि राजीव भारती, धनंजय यादव, अखिलेश यादव, गंगा समग्र के जिला संयोजक नवीन चौधरी 'बाबा', जिला सहसंयोजक मनोज साह, घाट प्रमुख राजकुमार साह, महाराणा मंडल, मुनिलाल साह, प्रखंड समन्वयक नीरज गुप्ता, पंचायत सुपरवाइजर परमजीत सिंह सोनी, राजेश चौहान एवं जितेंद्र मेहता सहित बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।


Post a comment