नशा के सौदागरों को बख्शने के मूड में नहीं हैं पूर्णिया एसएसपी, पौने 2 करोड़ के स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार

पूर्णिया: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध तरीके से नशे का कारोबार काफी फल फूल रहा है। त्यौहार के मौसम में इसमें काफी बढ़ोतरी हुई साथ ही पुलिस की कार्रवाई में काफी तेजी आई है। इसी कड़ी में एसएसपी डॉ शौर्य सुमन के निर्देश पर पूर्णिया में भी पुलिस ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए नशा कारोबारियों की कमर तोड़ने में जुटी हुई है। पूर्णिया के मरंगा थाना की पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब दो करोड़ रूपये मूल्य की मादक पदार्थ जब्त किया है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकद रुपए भी बरामद की है।

मामले में सदर एसडीपीओ 1 अभिनव पाराशर ने जानकारी दी और बताया कि पुलिस ने मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवशक्ति नगर वार्ड संख्या 24 में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 856.06 ग्राम स्मैक और 5 लाख 5 हजार 90 रुपये नकद बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने मौके से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बेटा पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि बरामद की गई स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है। इसके साथ ही जब्त किए गए 5 लाख से अधिक रुपये स्मैक की खरीद-बिक्री से जुटाए गए थे।

सदर एसडीपीओ 1 ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवशक्ति नगर में नशे का यह अवैध नेटवर्क मां और बेटे मिलकर संचालित कर रहे थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से महिला तस्कर किरण देवी को दबोच लिया, जबकि उसका बेटा आनंद चौधरी पुलिस की भनक लगते ही मौके से भाग निकला। पुलिस ने ठिकाने से तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है, जिनका उपयोग इस पूरे गिरोह के संचालन के लिए किया जाता था।

सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शिवशक्ति नगर इलाके में बड़े पैमाने पर स्मैक की खेप मंगवाकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। इसके बाद दंडाधिकारी की निगरानी में मरंगा थाना पुलिस और डीआईयू की टीम ने संयुक्त रूप से चिह्नित ठिकाने पर दबिश दी और महिला तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसडीपीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि जिले में नशे का कारोबार करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपी आनंद चौधरी और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इस सफल अभियान में एसडीपीओ सदर-1 अभिनव परासर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, पुअनि अनंत कुमार, निभा कुमारी, शैलेश कुमार सिंह, संजीत कुमार और डीआईयू की टीम शामिल रही।

  

Related Articles

Post a comment