छठ घाट की स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर समिति सतर्क, पानी में कराया जा रहा चूने का छिड़काव
- by Manjesh Kumar
- 14-Nov-2026
- Views
कटिहार: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आजमनगर छठ पूजा समिति चंडी काली स्थान के सदस्यों द्वारा छठ घाट की साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। छठ व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए घाट को अंतिम रूप देने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को घाट के पानी में कीट-पतंगों और अन्य हानिकारक जीवों से बचाव के उद्देश्य से चूने का छिड़काव कराया गया।
समिति के सदस्यों राजेश भगत उर्फ गुड्डू इंजीनियर इजहार आलम भारत कुमार राय राकेश कुमार पोद्दार निशिकांत राय जयप्रकाश भगत चुना पोद्दार कृष्णा राय सचिन यादव बबलू पोद्दार बाबुल रजक आदि लोगों ने बताया कि छठ महापर्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और छठ व्रती महिलाएं घाट पर पहुंचती हैं। ऐसे में घाट परिसर और पानी की स्वच्छता बनाए रखना समिति की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए साफ-सफाई से लेकर अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।
गौरतलब है कि चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो चुका है। शनिवार को पर्व का दूसरा दिन खरना है। इस अवसर पर छठ व्रती महिलाएं पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ खरना का प्रसाद तैयार करने में जुटी हैं। घरों में साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वहीं, रविवार को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जिसे लेकर चंडी काली स्थान छठ घाट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति के अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल लगातार व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटे हैं, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें


Post a comment