भोजपुर में मामूली विवाद में कार से कुचल दो सगे भाई की हत्या का सीएम ने लिया संज्ञान, मुआवजे के साथ ही कार्रवाई का दिया निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 09-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार के भोजपुर जिले में दिवाली की रात मामूली विवाद स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने की घटना में दो सगे भाइयों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। इस घटना को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गंभीरता से लिया है और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतक दोनों भाइयों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का ऐलान किया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहायता राशि जल्द से जल्द परिवारों तक पहुंचाई जाए। इसके साथ ही हादसे में घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बता दें कि घटना भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र स्थित रामडीहरा गांव की है। दिवाली की रात गांव के सूर्य मंदिर पर स्थानीय लोग छठ के गीत बजा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग वहां पहुंचे और गाना बंद करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार वहां से चले गए। लेकिन कुछ देर बाद वाहन सवार दोबारा मौके पर पहुंचे और मंदिर के पास मौजूद लोगों को अपनी गाड़ी से कुचल दिया। आरोप है कि स्कॉर्पियो ने लोगों को करीब 50 मीटर तक घसीटा। इस दर्दनाक घटना में दिनेश यादव और कमलेश यादव की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में राजेश कुमार, रितु कुमार, कृष्णा कुमार और रमेश यादव समेत अन्य लोग शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


Post a comment