21 को बिहार आयेंगे पीएम मोदी, वैशाली की धरती से राज्य को देंगे सैकड़ों करोड़ की योजनाओं की सौगात
- by Manjesh Kumar
- 09-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने का जश्न अब बड़े राजनीतिक और विकासात्मक आयोजन के रूप में नजर आने वाला है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा वैशाली में होगा, जहां वे कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को यादगार बनाने के लिए एनडीए ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को पटना स्थित जदयू कार्यालय में एनडीए के पांचों घटक दलों की अहम बैठक हुई।
बैठक में सभी सहयोगी दलों के प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके बाद गठबंधन के नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और तैयारियों की जानकारी दी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन ऐतिहासिक होगा। एनडीए के सभी पांचों घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता इस आयोजन को सफल बनाने में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि 20 नवंबर को बिहार में एनडीए सरकार के एक साल पूरे हो रहे हैं और इसके अगले ही दिन प्रधानमंत्री वैशाली पहुंचेंगे। इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का उद्घाटन होगा। इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रधानमंत्री कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
वहीं, वैशाली में 1243 एकड़ जमीन का अधिग्रहण भी विकास की बड़ी योजना का हिस्सा है। इस भूमि पर पार्क निर्माण की योजना है। एनडीए नेताओं का मानना है कि प्रधानमंत्री के दौरे से वैशाली के विकास को नई दिशा मिलेगी।


Post a comment