रोहिणी आचार्य के बयान पर विधायक रोमित कुमार का पलटवार, कहा 'अराजकता को बढ़ावा दे रहा विपक्ष’

एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को विधायक की नसीहत, कहा 'अपराधी पुलिस पर गोली चलाएंगे तो पुलिस हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठेगी। ‘एनडीए में फिर खेला होगा’ वाले बयान पर भी साधा निशाना

गया: बिहार में सम्राट चौधरी सरकार के कार्यकाल में पुलिस की सुरक्षा को लेकर राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के सोशल मीडिया पोस्ट पर सियासी घमासान तेज हो गया है। रोहिणी आचार्य के बयान पर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी के विधायक रोमित कुमार ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने विपक्ष पर अराजकता को बढ़ावा देने और अपराध के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

विधायक रोमित कुमार ने कहा कि विपक्ष के लोग अराजकता की मानसिकता वाले हैं। दिल्ली से लेकर बिहार तक प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार अपराध को लेकर पूरी तरह सजग है और कहीं भी आपराधिक घटना होने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। पटना में हुई एनकाउंटर की घटना का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई पर सवाल उठाना उचित नहीं है। यदि पुलिस अपराधियों को पकड़ने जाती है और अपराधी पुलिस पर गोली चलाते हैं, तो पुलिस हाथ पर हाथ रखकर नहीं बैठ सकती। उन्होंने कहा कि अपराधियों को सजा नहीं मिलेगी तो अपराध को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 90 के दशक में बिहार में अपराध की क्या स्थिति थी, यह सभी जानते हैं। उस समय अपराध होते थे, लेकिन कार्रवाई नहीं होती थी। आज सरकार अपराधियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई कर रही है। जरूरत पड़ने पर पुलिस जवाबी कार्रवाई भी करेगी।विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने दावा किया कि बिहार में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

‘एनडीए में फिर खेला होगा’ बयान पर भी पलटवार

मनेर विधायक भाई वीरेंद्र के ‘एनडीए में फिर खेला होगा’ वाले बयान पर रोमित कुमार ने कहा कि विपक्ष के नेता अक्सर इस तरह के बयान देते रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के सभी पांच घटक दल मजबूती से एकजुट हैं और गठबंधन में कहीं कोई विवाद नहीं है। उन्होंने एनडीए की एकजुटता का उदाहरण देते हुए कहा कि गठबंधन पांच पांडवों की तरह मजबूती से आगे बढ़ रहा है। विपक्ष के पास अब इस तरह के बयान देकर अपने समर्थकों को बनाए रखने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।

विधायक ने कहा कि विपक्ष को डर है कि उसके समर्थक और विधायक एनडीए की ओर आ सकते हैं। इसी वजह से ‘खेला होगा’ जैसे बयान देकर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि एनडीए मजबूती से सरकार चला रहा है और विपक्ष के ऐसे बयान से गठबंधन की एकजुटता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

  

Related Articles

Post a comment