वैशाली के पातेपुर में प्रखंड कांग्रेस कमिटी की बैठक, क्रांति दिवस पर संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प

वैशाली: क्रांति दिवस के अवसर पर रविवार को वैशाली के पातेपुर में प्रखंड कांग्रेस कमिटी की बैठक बहुआरा में की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रो मशुदुल हक ने की जबकि संचालन अनवारूल हक ने किया। बैठक में संगठन की मजबूती, वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए वैशाली जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिवेश में कांग्रेस देश के सामने सबसे मजबूत लोकतांत्रिक विकल्प है। कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना कांग्रेस की प्राथमिकता होगी।

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता चंद्रभूषण राजपूत ने कहा कि कांग्रेस की पहचान संघर्ष और जनसेवा से रही है और कार्यकर्ताओं को इसी परंपरा को आगे बढ़ाना है। राजू साह ने कहा कि क्रांति दिवस स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और त्याग को याद करने के साथ-साथ अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लेने का अवसर है। वरिष्ठ नेता तारक चौधरी एवं पारस चौधरी ने संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर मो जमील अख्तर, तारक चौधरी, पारस चौधरी, अरविंद आजाद, संजीत कुमार, वरिष्ठ महतो, नीरज कुमार मिश्रा, पिंटू सिंह, मो एजाज अहमद, रणधीर कुमार, शंभू कुमार शर्मा, प्रेमलाल साहनी, मो इरफान, मणिशंकर कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment