संविधान पर हमला करने वाली ताकतों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा : राजेश राम
- by Raushan Pratyek Media
- 26-Nov-2026
- Views
संविधान पर हमला करने वाली ताकतों के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा : राजेश राम
पटना में कांग्रेस ने निकाला विशाल संविधान रक्षा मार्च, शहीद स्मारक पर संविधान की प्रस्तावना का किया सामूहिक पाठ
पटना। संविधान दिवस के अवसर पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए पटना में विशाल संविधान रक्षा मार्च का आयोजन किया गया। मार्च का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने किया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता तिरंगा और पार्टी के झंडे लेकर इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
संविधान रक्षा मार्च दोपहर एक बजे इनकम टैक्स गोलंबर से शुरू हुआ। यह आर ब्लॉक चौराहा होते हुए शहीद स्मारक पहुंचा। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।
संविधान देश की आत्मा है : राजेश राम
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि भारत की आत्मा उसका संविधान है। संविधान के निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक संघर्ष और बलिदान दिया है। संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान का अधिकार देता है, लेकिन आज इन संवैधानिक मूल्यों पर लगातार हमले हो रहे हैं।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। राजेश राम ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा करने वाली संस्थाओं की जिम्मेदारी निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना है। उनके अनुसार, चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर विपक्ष और आम जनता के मन में संदेह पैदा हो रहा है।
राहुल गांधी का माइक बंद करने का लगाया आरोप
राजेश राम ने आरोप लगाया कि जब संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जनता के मुद्दे उठाने और सरकार से सवाल पूछने के लिए आते हैं, तो उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने इसे केवल एक नेता की आवाज दबाने का प्रयास नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आवाज को दबाने की कोशिश बताया।
उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र की मूल भावना को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को प्रभावित करने में लगे हैं। देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक असमानता और अन्याय जैसी समस्याओं से जूझ रही है, जबकि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने में व्यस्त है।
संविधान की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समतामूलक, न्यायपूर्ण और अधिकारों से संपन्न भारत का सपना देखा था। कांग्रेस पार्टी संविधान की मूल भावना को कमजोर करने वाली ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। यह संविधान रक्षा मार्च लोकतंत्र, सामाजिक न्याय, भाईचारे और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए जनआंदोलन का संदेश है। कांग्रेस कार्यकर्ता देश के संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए हर स्तर पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता हुए शामिल
संविधान रक्षा मार्च में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के बिहार सह प्रभारी प्रकाश सोनावाने, महबूब पाशा, मीडिया चेयरमैन एवं एआईसीसी सचिव डॉ. अजय कुमार पासवान, सांसद पप्पू यादव, अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री अवधेश कुमार सिंह, ब्रजेश प्रसाद मुनन, विधान पार्षद राजीव कुमार और राजेश राठौड़ सहित कई नेता शामिल हुए।
इसके अलावा पूर्व विधायक विजेंद्र चौधरी, अमित कुमार टुन्ना, बंटी चौधरी, आनंद शंकर, ब्रजेश पाण्डेय, असितनाथ तिवारी, चंदन यादव, पंकज यादव, डॉ. अमन कुमार, ज्ञान रंजन, अमित कुमार, स्नेहाशीष बर्धन पाण्डेय, जितेंद्र नाथ पटेल, कुमार आशीष, चंद्र प्रकाश सिंह, डॉ. संजय यादव, मिन्नत रहमानी, बिट्टू यादव, अरविंद लाल रजक, गरीब दास, मृणाल अनामय, अफरोज खान, अनुराग चंदन, वसीम अख्तर अंसारी, शशांक शेखर, आशीष कुमार, गुरुदयाल सिंह, आरती राय, गुरजीत सिंह, आजमी बारी, शरवत जहां फातिमा, प्रेमचंद सिंह, हसीब अनवर, शैली विनोद, उदय शंकर पटेल, राजनंदन कुमार, विमलेश तिवारी, रंजीत कुमार वाल्मीकि, दुर्गा प्रसाद, रोहित पासवान, विशाल यादव, मिहिर झा, मुंद्रिका यादव, चंदन कुमार सिंह, सुरेश मुखिया बिंद और मेनका कुमारी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मार्च में सभी जिला अध्यक्षों के साथ हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


Post a comment