शेखपुरा जिला न्यायालय में संविधान दिवस पर भव्य कार्यक्रम, न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने ली संविधान की शपथ

शेखपुरा जिला न्यायालय में संविधान दिवस पर भव्य कार्यक्रम, न्यायाधीशों और अधिवक्ताओं ने ली संविधान की शपथ

शेखपुरा: संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को शेखपुरा जिला न्यायालय परिसर स्थित भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष कुमार तिवारी ने की। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मियों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया और संविधान की रक्षा एवं उसके आदर्शों का पालन करने की शपथ ली।

कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय सर्वेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश चंद्र झा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रविंद्र कुमार, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह प्रभारी सचिव रोहित कुमार, अधिवक्ता संघ के सचिव बिनोद कुमार तथा चीफ कैडक्स वीरेंद्र कुमार सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालय कर्मचारी उपस्थित रहे।

देशभक्ति गीत ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश चंद्र झा ने देशभक्ति गीत 'ऐ मेरे प्यारे वतन, ऐ मेरे उजड़े चमन, तुझ पर दिल कुर्बान है' प्रस्तुत किया। उनकी इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया।

गीत के माध्यम से उन्होंने देशप्रेम और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश दिया। साथ ही भारतीय संविधान के महत्व, इसमें निहित मूल्यों तथा नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति लोगों को जागरूक किया।

संविधान के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प

कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने संविधान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान के मूल सिद्धांतों का पालन करना आवश्यक है।

संविधान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से न्यायालय परिसर में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और सम्मान का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा करने और संविधान के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

  

Related Articles

Post a comment