लालू परिवार को भी दिल्ली हाई कोर्ट ने दिया बड़ा झटका, राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला रहेगा बरकरार
- by Manjesh Kumar
- 26-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार की सियासत में गुरुवार का दिन दो बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों के नाम रहा। एक तरफ बाहुबली नेता आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा, तो दूसरी तरफ IRCTC घोटाले में लालू परिवार की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आईं। दरअसल, दिल्ली हाईकोर्ट ने IRCTC होटल टेंडर मामले में निचली अदालत के उस फैसले को बरकरार रखा है, जिसमें लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे। इन नेताओं ने निचली अदालत के आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन जस्टिस स्वर्णा कांता शर्मा की पीठ ने उनकी याचिकाएं खारिज कर दीं।
यह मामला उस समय का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि वर्ष 2004 में रेलवे के रांची और पुरी स्थित बीएनआर होटलों के संचालन और रखरखाव का ठेका देने के बदले जमीन का कथित लेनदेन किया गया था। सीबीआई का आरोप है कि होटल टेंडर हासिल करने के बदले पटना में कीमती जमीन एक कंपनी के माध्यम से खरीदी गई और बाद में उसका नियंत्रण लालू परिवार से जुड़ी कंपनी के पास पहुंच गया। जांच एजेंसी ने जमीन की खरीद कीमत और उसकी वास्तविक कीमत के बीच बड़े अंतर का भी आरोप लगाया है। इसी मामले में सीबीआई की जांच के बाद लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ी।
इससे पहले 13 अक्टूबर 2025 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप तय किए थे। इस आदेश के खिलाफ लालू परिवार ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन अब हाईकोर्ट से भी राहत नहीं मिलने के बाद मामले में ट्रायल आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।


Post a comment