फोटो एडिट कर जालसाज ने कारोबारी को किया ब्लैकमेल, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर बरामद किया 20 लाख
- by Manjesh Kumar
- 19-Jul-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पटना के एक बड़े होटल कारोबारी को हनीट्रैप का शिकार बनाकर एक करोड़ रुपये की मांग की गई। खौफजदा कारोबारी ने अपराधियों के डर से 20 लाख रुपये की पहली किस्त अपराधियों तक पहुंचा भी दी थी। हालांकि, मुजफ्फरपुर पुलिस ने त्वरित और गुप्त कार्रवाई करते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर ठगी के इन 20 लाख रुपये को सकुशल बरामद कर लिया है। यह पूरी कार्रवाई जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में अंजाम दी गई।
एडिटेड फोटो दिखा ब्लैकमेल कर रहा था ठग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के शातिर साइबर अपराधियों ने पटना के एक नामचीन होटल व्यवसायी को अपने जाल में फंसाया। अपराधियों ने कारोबारी की कुछ एडिटेड (फर्जी) तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मामले को रफा-दफा करने के एवज में अपराधियों ने पीड़ित कारोबारी से सीधे एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम की डिमांड की। बदनामी के डर से कारोबारी ने अपराधियों के बताए ठिकाने पर 20 लाख रुपये पहुंचा दिए। अपराधियों ने इस रकम को अहियापुर थाना क्षेत्र के एक सुरक्षित मकान में छिपाकर रख दिया था।
SSP के निर्देश पर सिटी एसपी ने संभाली कमान
पैसे देने के बाद पीड़ित कारोबारी ने हिम्मत दिखाई और पूरे मामले की सूचना मुजफ्फरपुर पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम ने अहियापुर थाना क्षेत्र के संबंधित घर पर छापेमारी की। पुलिस ने मकान से रंगदारी के तौर पर दिए गए पूरे 20 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए।
इनकम टैक्स विभाग को दी गई सूचना
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने पूरे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने ठगी की बड़ी रकम को बरामद करने में सफलता पाई है। बरामद की गई रकम की जानकारी आधिकारिक तौर पर आयकर विभाग को दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है कि आखिर किस तरह से इस हनीट्रैप के खेल को रचा गया था। हालांकि, सुरक्षा और गोपनीयता के कारणों से पुलिस ने अभी कारोबारी की पहचान को उजागर नहीं किया है।
अपराधी अभिषेक और उसके गैंग की तलाश तेज
इस संबंध में टाउन सीडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि पटना के कारोबारी को एडिटेड फोटो के जरिए ब्लैकमेल करने और धमकी देने वाले ठगों की पहचान कर ली गई है। अपराधियों के डर से कारोबारी ने खुद मुजफ्फरपुर के अहियापुर आकर उनके बताए स्थान पर पैसे छोड़े थे। एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित कारोबारी से लिखित शिकायत ले ली गई है और अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने की कवायद चल रही है। पुलिस की विशेष टीमें इस रैकेट में शामिल ठगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं।


Post a comment