दलित टोला के बच्चों की शिक्षा को नई उड़ान, अभाविप की ‘परिषद की पाठशाला’ पहल की हो रही सराहना
- by Manjesh Kumar
- 30-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के सेवा बस्ती वार्ड नंबर 30 स्थित गिरहिंडा दलित टोला में गरीब और वंचित बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा शुरू की गई ‘परिषद की पाठशाला’ पहल की चारों ओर सराहना हो रही है। इस पहल के तहत दलित एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। अभाविप की इस मुहिम को प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है। रक्षा बंधन के अवसर पर एसपी हिमांशु ने बच्चों के बीच मिठाई और चॉकलेट का वितरण कर उनका उत्साह बढ़ाया था।
वहीं एसपी के निर्देश पर रविवार को नगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बच्चों के बीच खेल सामग्री का वितरण किया। मौके पर युवा खेल अधिकारी विवेक कुमार ने कहा कि अभाविप की यह पहल अत्यंत सराहनीय है। प्रशासन भी गरीब बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा। नगर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर बच्चों को खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है, ताकि शिक्षा के साथ-साथ उनका शारीरिक विकास भी हो सके। अभाविप कार्यकर्ता आकाश कश्यप ने बताया कि फिलहाल स्लम एरिया में एक केंद्र संचालित किया जा रहा है। जल्द ही कटनी कोल और गिरहिंडा के अन्य क्षेत्रों में भी नए शिक्षा केंद्र शुरू करने की तैयारी चल रही है।


Post a comment