डीआरएम ने पूर्णिया कोर्ट का किया निरीक्षण, वाशिंग पिट और सहरसा से कटिहार तक ट्रेन चलाने की उठी मांग

पूर्णिया: समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पहुंचे। इस दौरान स्टेशन के बाहरी और भीतरी परिसर का निरीक्षण किया। स्टेशन की ऊंचाई बढ़ाने को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस क्रम में डीआरयूसीसी सदस्य सह सांसद प्रवक्ता राजेश यादव ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूर्णिया कोर्ट में वाशिंग पिट निर्माण जनता चौक श्रीनगर रेलवे ओवरब्रिज का शीघ्र निर्माण सहरसा पूर्णिया कटिहार पैसेंजर ट्रेन के परिचालन तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से विशेष ट्रेनों के नियमित संचालन की मांग रखी। 

राजेश यादव ने कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन सीमांचल क्षेत्र का महत्वपूर्ण रेलवे केंद्र बन चुका है। यहां यात्रियों की संख्या और रेलवे को मिलने वाला राजस्व लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में स्टेशन का विस्तार, लंबी दूरी की नई ट्रेनों का परिचालन तथा आधारभूत रेल सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वाशिंग पिट बनने से पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से कई नई ट्रेनों के परिचालन का रास्ता खुलेगा और सीमांचल के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे पूर्व पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर सांसद पप्पू यादव एवं समस्तीपुर रेल मंडल की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनन्या स्मृति ने महिला प्रतीक्षालय, पुरुष प्रतीक्षालय तथा ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया। इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

राजेश यादव ने कहा कि सांसद पप्पू यादव के निरंतर प्रयासों से पूर्णिया कोर्ट स्टेशन का महत्व लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में यहां से लंबी दूरी की नई ट्रेनों का परिचालन शुरू होने की पूरी संभावना है। उन्होंने कहा कि सीमांचल की रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा।

  

Related Articles

Post a comment