एलीवेटेड सड़क निर्माण में लगाया भारी शटरिंग गिरा बाइक सवार के ऊपर, लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप
- by Manjesh Kumar
- 11-Aug-2026
- Views
दरभंगा: दरभंगा में सोमवार की शाम एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया जब एलिवेटेड सड़क निर्माण के दौरान लोहे का भारी शटरिंग सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार के ऊपर गिर गया। शटरिंग गिरने से बाइक सवार उसके नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने भारी मशक्कत के बाद शटरिंग हटा कर युवक को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान लोगों ने निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप भी लगाया। घटना दरभंगा के व्यस्ततम कर्पूरी चौक के समीप की है जब। एलीवेटेड सड़क निर्माण के दौरान अचानक एक भाई भरकम लोहे की शटरिंग नीचे गिर गई जिसकी चपेट में एक बाइक सवार आ गया।
लोगों ने कहा कि इतने भारी लोहे की शटरिंग का काम चलते समय नीचे से गुजर रही गाड़ियों को रोकने के लिए कोई बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। व्यस्त चौराहे पर निर्माण कार्य के बावजूद नीचे कोई सुरक्षा जाल नहीं लगाया गया था। बिना किसी चेतावनी बोर्ड या सुरक्षा गार्ड के इतने संवेदनशील इलाके में काम कराया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि लोहे की इतनी भारी शटरिंग बिना किसी सुरक्षा के ऊपर बांधी गई थी। अगर समय पर लोग नहीं जुटते तो युवक की जान चली जाती। यह सीधे तौर पर लापरवाही नहीं, बल्कि जानलेवा हमला है।
बता दें कि शहर में बिना किसी सुरक्षा इंतजाम और वैकल्पिक व्यवस्था के धड़ल्ले से चल रहे निर्माण कार्य के कारण राहगीरों की जान लगातार आफत में बनी हुई है। हाल ही में जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी कर निर्माण में जुटी सभी एजेंसियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी थी। बावजूद इसके कार्यदायी एजेंसी ने न तो नीचे से गुजरने वाले वाहनों के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की, और न ही ऊपर कोई सेफ्टी नेट लगाया गया। बता दें उक्त योजना 1,862 करोड़ की है। इसकी लंबाई 14 किमी है। यह दरभंगा जंक्शन से एकमी/अमास-दरभंगा एक्सप्रेस-वे तक प्रस्तावित है। घटना के संबंध में निर्माण एजेंसी के पदाधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने अपना पक्ष नहीं रखा।


Post a comment