पारिवारिक चिकित्सक ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार

पारिवारिक चिकित्सक ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़: विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार

पटना: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि पारिवारिक चिकित्सक स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे केवल बीमारियों का इलाज करने वाले डॉक्टर नहीं, बल्कि परिवार के विश्वासपात्र, स्वास्थ्य मार्गदर्शक और समाज के स्वास्थ्य संरक्षक भी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य बीमारियों के उपचार, गंभीर रोगों की समय पर पहचान और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका है।

डॉ. प्रेम कुमार महावीर कैंसर संस्थान के सभागार में आयोजित ‘द्वितीय एएफपीआईकॉन बिहार-2026’ के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन का विषय ‘फैमिली फिजिशियन : ग्रामीण जड़ों से शहरी केंद्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव’ था।

अपने संबोधन में उन्होंने भारतीय पारिवारिक चिकित्सक अकादमी (AFPI), बिहार चैप्टर और आयोजन समिति को सम्मेलन के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।

टेलीमेडिसिन और AI से बेहतर हो सकती हैं स्वास्थ्य सेवाएं

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और आधुनिक रोग निदान तकनीकों के उपयोग से समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। इसके लिए स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े सभी पक्षों को मिलकर काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि बिहार में स्वास्थ्य आधारभूत संरचना के विस्तार, अस्पतालों को मजबूत बनाने और चिकित्सा शिक्षा के विकास की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है।

आयुष्मान भारत योजना का भी किया उल्लेख

डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना यानी आयुष्मान भारत का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जाती है। वहीं, स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों के माध्यम से टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं और गैर-संचारी रोगों की जांच को बढ़ावा दिया जा रहा है।

चिकित्सा मानव सेवा का महान माध्यम

उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानव सेवा का महान माध्यम है। चिकित्सकों को मरीजों के प्रति संवेदना, नैतिकता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर लोगों और ग्रामीण आबादी तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने आयोजकों और सम्मेलन में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से समन्वित प्रयासों के जरिए स्वस्थ बिहार और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सम्मेलन में कई चिकित्सक और गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर डॉ. रमन कुमार, डॉ. सहजानंद सिंह, डॉ. विनीता त्रिवेदी, डॉ. एल. बी. सिंह, डॉ. विश्वजीत सान्याल, डॉ. मनीषा सिंह और डॉ. यश कुमार सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment