अनंत सिंह 4 दिसंबर को करेंगे सरेंडर, विधानसभा नहीं अब लोकसभा चुनाव लड़ने का ऐलान
- by Raushan Pratyek Media
- 28-Nov-2026
- Views
अनंत सिंह का बड़ा ऐलान, 4 दिसंबर को करेंगे सरेंडर, विधानसभा नहीं अब लोकसभा चुनाव लड़ेंगे
पटना: बिहार की राजनीति में मोकामा विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। बेटी शिवांगी की शादी संपन्न होने के बाद अनंत सिंह ने अपने सरेंडर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वह 4 दिसंबर को पटना हाईकोर्ट में सरेंडर करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अदालत पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा और वह जेल से बाहर आ जाएंगे।
एक मीडिया चैनल से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें पटना हाईकोर्ट पर पूरा भरोसा है। उन्हें उम्मीद है कि अदालत से उन्हें न्याय मिलेगा। बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को संपन्न हुई थी। शादी के बाद अब उनके सरेंडर को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
बेटे के चुनाव लड़ने पर अनंत सिंह ने क्या कहा?
अनंत सिंह ने बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद ही वह आगे की राजनीतिक रणनीति का खुलासा करेंगे। बेटे के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले अपने बेटे और जनता से राय लेंगे, उसके बाद ही कोई फैसला करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जेल से बाहर आने के बाद वह बिहार का दौरा करेंगे और लोगों से मुलाकात करेंगे।
विधानसभा नहीं, अब लोकसभा चुनाव लड़ेंगे
अनंत सिंह ने अपने चुनावी भविष्य को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अब वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि लोकसभा चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे।
इसके साथ ही उन्होंने जेडीयू में वापस जाने की अटकलों पर भी विराम लगाने की कोशिश की। अनंत सिंह ने कहा कि वह जेडीयू में वापस नहीं जाएंगे।
हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी आस्था जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार आज भी उनके नेता और भगवान हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके साथ जो कुछ हो रहा है, उसकी जानकारी नीतीश कुमार को नहीं है, क्योंकि वह अस्वस्थ हैं।
आनंद मोहन के सरेंडर आदेश पर भी दी प्रतिक्रिया
पूर्व सांसद आनंद मोहन के सरेंडर आदेश को लेकर भी अनंत सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह सब गलत है। उनके मुताबिक, लोगों का जरूरत के हिसाब से इस्तेमाल किया जाता है। जब जरूरत थी तो जेल से बाहर निकाला गया और अब जरूरत खत्म होने पर वापस जेल भेजा जा रहा है।
अनंत सिंह ने कहा कि इस तरह की गलतियों के कारण ही सरकारें बदलती हैं।
बेटी की शादी में पहुंचे मेहमानों का जताया आभार
बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी में शामिल हुए सभी मेहमानों का धन्यवाद भी किया। उन्होंने कहा कि शादी में शामिल होकर परिवार की खुशियों में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों के वह आभारी हैं।
फिलहाल अनंत सिंह के 4 दिसंबर को प्रस्तावित सरेंडर और लोकसभा चुनाव लड़ने के ऐलान ने बिहार की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब सबकी नजर उनके अगले राजनीतिक कदम पर टिकी है।


Post a comment